05 नवंबर 2009

डी.टी.सी किराए में बढ़ोतरी- फायदा किसका ?


दिल्लि में बसों का किराया बढ़ने का बोझ आम आदमी की जेब पर कितना भारी पड़ा है इसका अहसास मुझे तब हुआ जब रोज़ाना की वही दुरी मुझे 2 गुना किराया देकर करनी पड़ी।
डी.टी.सी का घाटा कम करने के लिए सरकार ने किराया बढ़ाने का फैसला किया है। साथ ही परिवहन मंत्री अरविंदर सिंह लवली ने यह भी कहा कि बेहतर परिवहन के लिए लोगों को कुछ ज़्यादा किराया तो देना ही होगा। डी.टी.सी का सालाना घाटा 600 करोड़ रूपए है। किराया बढोतरी के बाद इसके 200 करोड़ रहने की उम्मीद है। मतलब साफ है, यह इज़ाफा घाटा कम करने के इरादे से किया गया है न कि लोगों को बेहतर परिवहन दिलाने के मकसद से। और इस घाटे को कम करने का बोझ उठाएगा आम आदमी। वहीं मंत्री जी यह भी कहने से नंही चूके कि बाकि राज्यों से दिल्लि में बस किराया कम है और प्रति व्यक्ति आय ज़्यादा। यानी मंत्री जी आमदनी के एक ही तराज़ू में सबको तोल रहे हैं चाहे वह बमुश्किल दो जून की रोटी कमाने वाला रिक्शेवाला हो या सफेद पोश बाबू या लक्ज़री कारों में चलने वाला कोई उद्योगपति। मंत्री जी बस का किराया बढ़ने से न तो किसी गाड़ी में चलने वाले व्यक्ति पर असर पड़ेगा और न ही आटो से चलने वाले को। फर्क पड़ेगा उस आम आदमी को जिसकी ‘लाइफ लाइन’ बस है। जो रोज़ बस से आता-जाता है। जहाँ अमूमन कोई व्यक्ति हर महीने 300 रूपए किराया देता था अब उसे 600 रूपए देने होंगे। यानि अब खर्च करना होगा ‘उम्मीद से दुगना’।
डी.टी.सी की बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए किराया बढ़ाया गया है मगर जब तक डी.टी.सी की नई बसें नहीं आ जाती तब तक ब्लू लाइन से ही गुज़ारा करना पङेगा। यानि मँहगा किराया देकर भी खस्ता हाल ब्लू लाइन में सफर करना होगा। जिस रफ़्तार से डी.टी.सी बसें सङकों पर आ रही है उसे देखकर लगता है कि ब्लू लाइन को हटने में अभी सालों लगेंगे। मतलब ब्लू लाइन ओपरेटर तो पहले ही फायदे में थे, अब तो मालामाल हो जाएंगे।
यानि इस बढ़ोतरी से चाहे डी.टी.सी क घाटा कम हो न हो, आम लोगों को अच्छी परिवहन व्यवस्था मिले न मिले, प्राइवेट बस आपरेटरों की तो चाँदी हो गई है। पहले वह सिर्फ दूध पीते थे मगर अब मलाई मार कर पियेंगे।

1 टिप्पणी:

  1. I agree. But what else can they do?

    If they shutdown blueline, people come on the road and destroy property.

    Tu ek kaam kar chandigarh aaja, koi tension nahi.

    जवाब देंहटाएं